सरायकेला। जिले के सीनी ओपी क्षेत्र के चेतानपुरा गांव में सोमवार सुबह पानी बांटने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान युवक ने अपनी ही बहन और जीजाजी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, डोलानडीह गांव निवासी कुश पाड़ेया और उनकी पत्नी बुधनी अपने खेत में पानी के बंटवारे को लेकर विवाद सुलझाने चेतानपुरा आए थे। इसी दौरान उनका साला बासिल मेलगांडी आपा खो बैठा और गुस्से में दोनों पर चाकू से वार कर दिया। हमले में कुश पाड़ेया गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बुधनी को हाथ और कंधे में चोट आई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने कुश पाड़ेया को नाजुक हालत में एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया, जबकि बुधनी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना पर सीनी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि खेत में पानी बांटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनातनी चल रही थी। फिलहाल आरोपी बासिल मेलगांडी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

