Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

चांडिल में ऑटो और हाइवा की टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल, चालक नशे में था

चांडिल।सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित हमीद गांव के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ऑटो चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मानगो चेपापुल से एक ऑटो में चार यात्री — दो महिलाएं और दो पुरुष — चांडिल के बलरामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हमीद गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार सभी यात्री बुरी तरह घायल हो गए।

घायलों में ऑटो चालक कपाली ताजनगर निवासी जलीम अंसारी, जरीन खातून, आइसा परवीन (बगानसाई रोड नंबर 7), मंटू गोराई और बुधराम माझी शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भिजवाया। इस बीच आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post