Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

टेल्को में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, राहगीरों की बहादुरी से आरोपी दबोचा गया

जमशेदपुर: सोमवार दोपहर टेल्को थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक ने सरेआम सड़क पर जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। यह घटना टेल्को स्टेडियम के पास हुई, जहां भीड़भाड़ के बीच आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था।

चेन छीनते ही महिला ने साहस दिखाते हुए जोर से शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। उनकी आवाज सुनकर मौके पर मौजूद राहगीर तुरंत सक्रिय हो गए और भाग रहे युवक का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर लोगों ने आरोपी को घेर लिया और पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने मौके पर ही उसकी पिटाई कर दी।

सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और आरोपी को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले गई। पुलिस ने उसके पास से छीनी गई चेन बरामद कर ली है और अब उससे पूछताछ जारी है। साथ ही उसकी पहचान और आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

इस घटना में पीड़ित महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, मौके पर दिखाए गए राहगीरों के साहस और तत्परता की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं। उनकी सूझबूझ से न केवल आरोपी पकड़ा गया बल्कि वारदात के तुरंत बाद पुलिस के हवाले भी कर दिया गया

Related Post