Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

आदित्यपुर में एनसीपी की बैठक संपन्न, डॉ. पवन पांडेय बोले — निकाय चुनाव को लेकर संगठन को किया जा रहा मजबूत

आदित्यपुर। रविवार को राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) द्वारा आदित्यपुर क्षेत्र में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के पूर्व ईचागढ़ विधानसभा प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव (नगरीय निकाय) एवं झारखंड सहित तीन राज्यों के प्रभारी डॉ. पवन पांडेय उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि आगामी झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी गंभीरता से तैयारी कर रही है। संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एनसीपी द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में प्रत्येक जिले में निकाय चुनावों के लिए अलग-अलग जिला अध्यक्ष, नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति की जा रही है।

डॉ. पांडेय ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निकाय चुनाव बेहद अहम होते हैं, क्योंकि इन्हीं के माध्यम से जनता स्थानीय स्तर पर अपने प्रतिनिधियों और सरकार का चयन करती है। झारखंड में कुल 49 नगर निकाय हैं, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एनसीपी इन सभी 49 निकायों में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ बनाना जरूरी है, ताकि पार्टी योग्य प्रत्याशियों को जनता के बीच लेकर जाए और अपने नीति-सिद्धांतों को आम जन तक पहुंचा सके। डॉ. पांडेय ने कहा, “जिस दल का स्थानीय संगठन मजबूत होगा, वही जनता के बीच अपनी बात बेहतर तरीके से रख सकेगा और भविष्य में विधानसभा व लोकसभा चुनावों में भी सफलता प्राप्त करेगा।”

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि एनसीपी देश का एकमात्र राजनीतिक दल है जो किसी भी जाति, धर्म या भाषा के आधार पर राजनीति नहीं करता। पार्टी का मकसद केवल आम जनता की आवाज बनना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सतत प्रयास करना है।

बैठक के दौरान सरायकेला-खरसावां जिला में होने वाले आगामी नगर निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए मोहम्मद रिजवान को जिला निकाय चुनाव अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्हें निर्देश दिया गया कि 15 दिनों के भीतर आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद सहित जिले के सभी क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करते हुए उसकी सूची प्रदेश कार्यालय को सौंपें, ताकि अगले चरण में बूथ स्तर तक संगठन को विस्तार दिया जा सके।

बैठक में जितेन्द्र मिश्रा, सौरव ओझा, अनवर हुसैन, तेजपाल सिंह टोनी, ललित ढिंगरा, अब्दुल जब्बार और फिरोज आलम सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post