राजस्थान। जोधपुर जिले के मतोड़ा क्षेत्र में रविवार रात एक भयावह सड़क हादसे में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब कोलायत मेला दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टैंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोगों की मौके पर ही जान चली गई।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे में 10 से 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मृतक जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के निवासी थे। वे अपने परिवारों के साथ कोलायत मेले के दर्शन के लिए गए थे और लौटते समय यह भीषण हादसा हो गया। मृतकों में चार बच्चे, एक चालक और दस महिलाएं शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।प्रथम दृष्टया पुलिस की जांच में हादसे का कारण टैंपो ट्रैवलर की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक से जा भिड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित और सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

