चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के बालजोड़ी पंचायत के घाघरासाई गांव में वृद्ध महिला यमुना उर्फ जमुना कुई की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पिछले रविवार को हुई इस वारदात के बाद मृतका का शव पुल के पास से बरामद किया गया था।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या मामूली विवाद से शुरू हुई थी। आरोपियों में शामिल रामेश्वर पूरती ने स्वीकार किया कि मृतका अक्सर उसे अपशब्द कहती थी। रविवार को भी महिला ने नशे की हालत में गाली-गलौज की, जिससे नाराज होकर रामेश्वर ने वहीं पड़े लोहे के रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने साथी मधुसूदन कांडेयांग की मदद से शव को गांव से कुछ दूरी पर पुल के पास फेंक दिया ताकि हत्या का सबूत छिपाया जा सके।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल, शव ले जाने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं, मृतका के बेटे ने आरोप लगाया है कि उसकी मां की हत्या डायन होने के संदेह में की गई है। उसने कहा कि आरोपी रामेश्वर पूरती लंबे समय से इस शक में उसकी मां को प्रताड़ित करता था। पुलिस फिलहाल इस पहलू सहित अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी रखे हुए है।

