Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में अब तक ₹2.91 करोड़ की जब्ती, प्रशासन की सघन निगरानी जारी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा उपचुनाव-2025 के दौरान चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिले भर में सघन निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।

अंतरराज्यीय सीमाओं, चेकपोस्टों और थाना क्षेत्रों में वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। अब तक निगरानी दलों द्वारा बड़ी मात्रा में नकदी, शराब, मादक पदार्थ और अन्य फ्रीबीज जब्त की गई हैं। गुरुवार तक की कार्रवाई में कुल ₹2 करोड़ 91 लाख 21 हजार रुपये मूल्य की सामग्रियां जब्त की गई हैं। इसमें ₹42 लाख 71 हजार रुपये नकद, 12,837 लीटर शराब (बाजार मूल्य ₹10 लाख 11 हजार), ₹5 लाख 10 हजार मूल्य के ड्रग्स एवं मादक पदार्थ और ₹2 करोड़ 33 लाख 38 हजार रुपये मूल्य की फ्रीबीज या अन्य सामग्रियां शामिल हैं।

इन कार्रवाइयों में फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), स्थैतिक निगरानी दल (SST), आबकारी विभाग, पुलिस विभाग और जिला स्तरीय व्यय निगरानी दल की संयुक्त भूमिका रही है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि, धन या वस्तु वितरण की जानकारी तुरंत सी-विजिल एप के माध्यम से साझा करें। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ऐसी सूचनाओं पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post