बोकारो:- चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गाय घाट के पास सोमवार की शाम इंडियन रिज़र्व बटालियन (IRB) के जवान अजय यादव उर्फ सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान यदुवंश नगर निवासी समाजसेवी लक्ष्मी नारायण यादव के छोटे पुत्र के रूप में हुई है। हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे तक सड़क जाम रखा। वे हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो नगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन से बात की और 48 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन मिलने के बाद जाम हटा लिया गया।अजय यादव गिरिडीह में पदस्थापित था और छठ पर्व पर छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। हत्या के मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार है। बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच किसी बात को लेकर अजय यादव और आरोपी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ पास के शिव मंदिर के पास पहुंचा, जहां अजय अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। अचानक आरोपी ने पिस्टल निकालकर तीन गोलियां दाग दीं, जो अजय के पेट में लगीं। मृतक अजय यादव उफ सोनू के हत्यारे की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व विधायक बिरंची नारायण सहित कांग्रेस जिला अध्यक्ष जवाहर लाल माहथा, झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव सहित कई पार्टी के नेता एवं समाजसेवी ने बोकारो उपायुक्त से मिलकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग किया है

