जमशेदपुर। शहर में बढ़ते वाहन चोरी और छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिष्टुपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों के जरिए चोरी और लूटपाट में शामिल दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरहरगुटु, बरौदाघाट बागबेड़ा निवासी अंकित यादव (19 वर्ष) और बलदेव बस्ती, जुगसलाई निवासी सागरनाथ (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना रविवार देर रात करीब 10:45 बजे की है, जब जेआरडी टाटा मेन गेट के पास मोदी पार्क के पीछे रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्थिति में दो युवकों को दो अलग-अलग स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा। इनमें से एक बाइक ग्रे-काले रंग की बिना नंबर प्लेट थी, जबकि दूसरी पर जेएच 05 बीएम 5662 नंबर दर्ज था।
पुलिस जांच और दस्तावेजों के सत्यापन में दोनों मोटरसाइकिलों के चोरी की होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहनों को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
बताया गया कि हाल के दिनों में शहर में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों से चोरी और छिनतई की घटनाओं में इजाफा हो रहा था। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया था। टीम ने पूरे शहर में सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप यह कार्रवाई सफल रही।
फिलहाल दोनों अभियुक्तों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं और चोरी की गई अन्य बाइकें कहां छिपाई गई हैं।

