Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

सरायकेला पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी कांड का किया खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार, चोरी का ट्रैक्टर बरामद

सरायकेला।सरायकेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बेरगाडीह से 7-8 अक्टूबर, 2025 की रात लगभग 1.30 बजे अज्ञात चोरों द्वारा एक महिन्द्रा ट्रैक्टर डाला सहित चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में वाहन स्वामी के लिखित आवेदन पर दिनांक 10 अक्टूबर, 2025 को सरायकेला थाना कांड संख्या-95/25 दर्ज की गई थी।पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रहा था। जांच के दौरान मिले मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले विशाल जामुदा (उम्र 28 वर्ष, पिता स्व. नूना जामुदा, निवासी हंसा नवाडीह, थाना सरायकेला) को राजनगर के भुरकुली गांव से गिरफ्तार किया। उसके निशानदेही पर उसके दो सहयोगियों घनश्याम पूर्ति (उम्र 25 वर्ष, पिता स्व. मधुसूदन पूर्ति, निवासी करलाजुडी) और शनि देवगम (उम्र 40 वर्ष, पिता नारायण देवगम, निवासी पुराना चाईबासा) — को ग्राम करलाजुडी, थाना मुफ्फसिल, जिला चाईबासा से पकड़ा गया।तीनों अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त दो स्कूटी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ के बाद उन्होंने बताया कि चोरी किया गया महिन्द्रा ट्रैक्टर हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बाण्डिया (जिला चाईबासा) में छुपाकर रखा गया है। पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को डाला सहित बरामद कर जप्त कर लिया।बरामद वस्तुओं में एक रेडमी मोबाइल फोन, एक विवो मोबाइल, एक रेडमी प्रो मोबाइल, एक होंडा DEO स्कूटी, एक टीवीएस स्कूटी और महिन्द्रा कंपनी का ट्रैक्टर शामिल है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।इस कार्रवाई में शामिल छापामारी दल में थाना प्रभारी विनय कुमार, सीनी ओपी प्रभारी राजेन्द्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अमीश कुमार, स.अ.नि हरेकृष्ण महतो, हवलदार नंदू राम बोयपाई, आरक्षी योगेन्द्र प्रमाणिक तथा तकनीकी शाखा के अधिकारी-कर्मी शामिल थे।

Related Post