Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

गोलमुरी फायरिंग का खुलासा, अमरीक सिंह को हथियार और स्कूटी के साथ किया गिरफ्तार

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में 24 अक्टूबर की रात हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में टुइलाडूंगरी निवासी अमरीक सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक मैगजीन लगी देशी पिस्टल, एक 7.65 एमएम का खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई उजले रंग की स्कूटी बरामद की गई है।

इस संबंध में रविवार को सीटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने संवाददाताओं को जानकारी देते हुए बताया कि फायरिंग की घटना रविंद्र सिंह उर्फ रवि खेडा के घर के बाहर हुई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया और तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर अगले दिन आरोपी को गिरफ्तार किया।

एसपी ने बताया कि अमरीक सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उस पर मारपीट, धमकी, ठगी और हथियारबंदी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी इलाके में दहशत फैलाने और पुराने विवादों में फायरिंग करने के लिए कुख्यात माना जाता है। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हथियार और स्कूटी दोनों बरामद किए।

पुलिस टीम में थाना प्रभारी संजय सुमन, गौरव सिंह, इन्द्रदेव राम, अभय मिंज, सुभाष रजक, अजीत प्रकाश, रफीक आलम, नंदू कुकल, विनय कुमार राम, आरक्षक प्रदीप तियु, अरमान अली और गृह रक्षक धनजी सिंह शामिल थे।

सीटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने कहा कि जमशेदपुर में बढ़ती फायरिंग की घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए पुलिस सतत निगरानी और सक्रियता बनाए रखेगी ताकि समाज में सुरक्षा और शांति बनी रहे।

Related Post