सरायकेला। पुलिस की कड़ी निगरानी और लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में गौ तस्करी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताज़ा मामला शनिवार देर रात सरायकेला थाना क्षेत्र के रंगामटिया गांव का है, जहां ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए गौ तस्करी का प्रयास विफल कर दिया। बताया जा रहा है कि एक स्कॉर्पियो वाहन में तस्कर अवैध रूप से कई बैलों को लेकर जा रहा था। संदेह होने पर ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया और बैलों को मुक्त करा लिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो में आग लगा दी।इस दौरान तस्कर अपने गाड़ी को छोड़कर भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी मवेशियों को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं, मौके का जायजा लेने के बाद पुलिस ने जली हुई स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया और अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की सख्ती के बावजूद तस्कर अब गांव के कच्चे और सुनसान रास्तों का इस्तेमाल कर मवेशियों की तस्करी कर रहे हैं, ताकि पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। घटना के दौरान तस्कर मौके से भागने में सफल रहे और उनकी तलाश पुलिस कर रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और गौ तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी ट्रेस किया जा रहा है, जिसके आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे स्वयं आगे बढ़कर गौ तस्करी रोकने के लिए सख्त कदम उठाएंगे।

