जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजया गार्डेन में शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां तलाकशुदा पति ने अपनी पूर्व पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता डॉ. पूर्णिमा ने इस संबंध में बिरसानगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. पूर्णिमा और डॉ. विकास सिंह देव के बीच तीन वर्ष पूर्व ही तलाक हो चुका है। घटना 24 अक्टूबर की है, जब डॉ. पूर्णिमा विजया गार्डेन स्थित अपने प्लॉट की गड्ढे वाली जमीन को भरवाने का कार्य करवा रही थीं। इसी दौरान उनका पूर्व पति विकास सिंह देव वहां पहुंच गया और विवाद करने लगा। देखते ही देखते उसने उन पर हमला कर दिया और जमीन पर पटककर बुरी तरह घायल कर दिया।
डॉ. पूर्णिमा ने बताया कि हमले के दौरान विकास ने ईंट से वार किया, जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि तलाक के बावजूद विकास लगातार उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
फिलहाल बिरसानगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित विकास सिंह देव की भूमिका की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

