Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

भाजपा कार्यकर्ता दशरथ शुक्ला गिरफ्तार: बुंडू-तमाड़ में छापेमारी के दौरान हथियार बरामद, कई आपराधिक मामलों से जुड़ी जांच तेज

जमशेदपुर। शहर के गोलमुरी स्थित टोयलाडूगरी निवासी भाजपा कार्यकर्ता दशरथ शुक्ला को पुलिस ने बुधवार देर रात एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, बुंडू और तमाड़ के बीच चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने उसे दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे बुंडू थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल मामले पर आधिकारिक बयान देने से परहेज किया है।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में भाजपा नेता हरेराम सिंह के घर पर हुई फायरिंग की जांच में दशरथ शुक्ला का नाम सामने आया था। पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी और उसके पास से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। इस मामले में दशरथ के अलावा मानगो आजाद बस्ती के आजाद लंगड़ा और सैफी की भी संलिप्तता की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि दशरथ शुक्ला के फोन से प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा जैसे अपराधियों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि दशरथ शुक्ला का नाम इससे पहले भी साकची थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस फ्रेश के पास समान्ता स्टोर में हुई फायरिंग की घटना में सामने आ चुका है। उस घटना में गोलमुरी नेहरू कॉलोनी निवासी राहुल झाबरा को निशाना बनाया गया था। फायरिंग के बाद दशरथ ने थाने में आत्मसमर्पण भी किया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया।

जानकारी के अनुसार, दशरथ शुक्ला जमशेदपुर में सूदखोरी और ब्याज पर पैसे के लेन-देन का काम करता है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि हालिया फायरिंग की घटनाओं के पीछे कौन लोग शामिल थे और उसका इसमें क्या रोल था।

इस बीच, दशरथ के बड़े भाई गंगाधर शुक्ला ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार से अलग रहते हैं और छोटे भाई की गतिविधियों से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि पुलिस ने उसे कहां से पकड़ा और किस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Related Post