Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

पटमदा में काली पूजा की रात विवाद के बाद हमला, एक ही परिवार के कई लोग घायल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पटमदा बस्ती में दीपावली और काली पूजा की रात सोमवार को पुराने विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में दिलीप प्रमाणिक सहित उनके परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दिलीप प्रमाणिक के बयान पर पटमदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

घटना की देर रात करीब 12 बजे तक दर्जनों लोग पटमदा थाना पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर हंगामा करते रहे। स्थिति को शांत करने के लिए थाना प्रभारी करमपाल भगत ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया और बताया कि सभी घायलों को माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भेजा गया है।

प्राथमिकी में दिलीप प्रमाणिक ने बताया है कि काली पूजा के अवसर पर उनका परिवार ढोल-नगाड़े के साथ अहीरा गीत गाते हुए पर्व मना रहा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ युवकों ने आपत्तिजनक टिप्पणी की और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उनलोगों ने दिलीप प्रमाणिक, उनकी पत्नी देवती प्रमाणिक, पुत्र गौतम प्रमाणिक, तापस प्रमाणिक, भतीजा प्रधान प्रमाणिक और उत्तम प्रमाणिक पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में सभी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। दिलीप प्रमाणिक ने पुलिस को यह भी बताया कि जब वे लोग थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तब आरोपी पीछे-पीछे पहुंचकर उन्हें गोली मारने की धमकी देने लगे।

पुलिस ने मामले में गांव के सोनू प्रमाणिक, सफीक शेख, जयप्रकाश प्रमाणिक, आकाश प्रमाणिक, अजय प्रमाणिक, मनोज प्रमाणिक और अश्विनी प्रमाणिक के साले को आरोपी बनाया है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।

Related Post