जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के सना कॉम्पलेक्स स्थित कैलाश होटल में 16 अक्टूबर की शाम लगभग साढ़े पांच बजे दो 12 वर्षीय नाबालिग लड़कियों के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िताएं पड़ोस की रहने वाली हैं और एक परिचित के बहकावे में आकर होटल पहुंचीं, जहां उनके साथ यह अमानवीय घटना हुई।
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सोनारी थाना क्षेत्र के बिहार ग्रिन निवासी कैलाश मिश्रा, चतरा ईटखोरी के करण कुमार राणा, कदमा शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-4 के रौनक कुमार दास उर्फ श्रेयश और सोनारी सीपी क्लब के पास रहने वाले तरुण शर्मा उर्फ गोलू के रूप में हुई है।
पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया और उनके बयान कोर्ट में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस अन्य संभावित आरोपियों या सहयोगियों की भूमिका का पता लगाने में भी जुटी है।
स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है और सभी दोषियों को कड़ी कानूनी कार्रवाई के तहत सजा देने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

