Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

जमशेदपुर : 20 लाख की डकैती का पुलिस ने किया खुलासा, पांच कुख्यात अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर की शाम साढ़े सात बजे हुई 20 लाख रुपये की डकैती का शनिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि इस मामले में पांच कुख्यात अपराधियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से लूट के कई सामान भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरसानगर जोन नंबर 3 निवासी कुणाल सिंह मुंडा, बिरसानगर जोन नंबर 6 निवासी कृष्णा लोहार उर्फ पाड़ी, आदित्यपुर रोड नंबर 1 जनता फ्लैट निवासी सयोराज सिंह उर्फ जस्से, जुगसलाई मिल्लतनगर निवासी फहीम आलम और गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई निवासी मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी शहर के कुख्यात अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या, चोरी तथा अन्य आपराधिक मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड दो जिंदा कारतूस, एक सोने का ब्रेसलेट, एक टाइटन कंपनी की घड़ी, बिना नंबर की ओक स्कूटी और एक टेंपो बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि इन अपराधियों ने पूरी योजना बनाकर कदमा के रामनगर रोड नंबर 2 स्थित दीपराज सिंह के घर में डकैती की थी।

इस मामले के उद्भेदन के लिए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था, जिसमें मुख्यालय-2 डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर, डीएसपी सन्नी वर्धन, कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा, बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, एसआई दीपक कुमार महतो, मंटू कुमार, आमिर हमजा और एएसआई तसौवर हुसैन खां शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उनसे अन्य मामलों की भी पूछताछ जारी है।

Related Post