जमशेदपुर: जुगसलाई पुलिस ने शुक्रवार रात 10 बजे जुगसलाई पार्वती घाट के पास चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। जांच में उनके पास से हथियार और जिंदा गोली भी बरामद की गई है। इस पूरे मामले का खुलासा शनिवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।
गिरफ्तार किए गए दो बदमाशों में से एक नाबालिग है, जबकि दूसरा मो. रेहान बिष्टूपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। बरामद किए गए सामान में एक पिस्टल, कई जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन और एक बाइक शामिल हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि हथियार किससे खरीदे गए थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था, इसकी जानकारी लेने के लिए आरोपियों को जल्द ही रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
शनिवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि इस अभियान के दौरान एसएसपी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि हथियार रखने और घुमाने वालों पर विशेष नजर रखी जाए। जमशेदपुर में हथियार लेकर घूमना हाल के समय में एक गंभीर समस्या बन गया है और इसे रोकने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय अभियान चला रही है।

