Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

काशीडीह में सड़क हादसे में गैरेज मिस्त्री की दर्दनाक मौत, टेंपो चालक फरार

जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के काशीडीह कुमारपाड़ा में शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल गैरेज चलाने वाले मिहिर पोद्दार (55) की मौत हो गई। मिहिर पोद्दार को एक अज्ञात टेंपो ने जोरदार टक्कर मारी और चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई जब मिहिर पोद्दार सड़क पार कर रहे थे। टेंपो की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत टाटा मैन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद लोगों ने टेंपो का पीछा भी किया, लेकिन वह भालूवासा की ओर फरार हो गया।

मिहिर पोद्दार पिछले 35 वर्षों से काशीडीह मुरारी होटल के पास मोटरसाइकिल गैरेज चलाते थे और इलाके में एक जाने-माने मिस्त्री के रूप में पहचान रखते थे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि फरार टेंपो चालक की पहचान की जा सके।

मिहिर पोद्दार के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सीतारामडेरा थाना प्रभारी मनीष रंजन ने प्रेस को बताया कि जांच किया जा रहा है।

Related Post