Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

कांड्रा में चोरी का मामला सुलझा: ग्रामीणों की सूझबूझ से पकड़ा गया चोर, घर से मिला चोरी किया गया कूलर

कांड्रा।सरायकेला-खरसावां जिला स्थित कांड्रा थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती में शुक्रवार रात हुई चोरी की घटना में स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, आजाद बस्ती निवासी दिनेश मंडल के घर में देर रात अज्ञात चोर ने प्रवेश कर एक कूलर समेत कई कीमती सामान की चोरी कर ली। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा देखकर वे दंग रह गए।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और शक के आधार पर स्थानीय युवक संजय उर्फ तिर्की पर नजर रखी। कुछ लोगों ने उसके घर की खिड़की से झांका तो चोरी किया गया कूलर अंदर दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत और नाराज हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

Related Post