जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के एनएच 33 स्थित ब्लू डायमंड होटल के पास गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसे में पिपला निवासी 31 वर्षीय सुनील मार्डी की मौत हो गई। सुनील पेशे से ट्रैक्टर चालक थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील बाइक से अपने घर से डिमना चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ब्लू डायमंड होटल के पास उनकी बाइक सड़क पर बने गड्ढे में फंस गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बाइक पलट गई। गंभीर रूप से घायल सुनील को स्थानीय लोगों ने तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। शव को अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है, और शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। सुनील की मौत की खबर से उनका परिवार गहरे शोक में है और परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

