जमशेदपुर। टेल्को थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंडल बस्ती डीएमसी के पास से हथियार के साथ एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कन्हैया लाल (45), निवासी ईस्ट प्लान बस्ती, लाइन नंबर 07, पंजाबी लाइन, थाना बर्मामाईस, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है।
सीटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बुधवार को बताया कि गश्ती दल को सूचना मिली थी कि नीले रंग का थैला लिए एक संदिग्ध व्यक्ति मंडल बस्ती डीएमसी के पास खड़ा है। टीम के पहुंचते ही वह भागने लगा, लेकिन आरक्षी सम्श तबरेज खुर्शीद ने पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके थैले से एक लोडेड देशी पिस्टल, मैगजीन और 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां बरामद हुईं।
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार कहां से लाया गया और इसका इस्तेमाल किस मकसद से होना था।

