*धनबाद :* जिले के निरसा प्रखंड के मैथन क्षेत्र में सोमवार सुबह गौवंश तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के युवाओं ने सतर्कता दिखाते हुए गौवंश से लदे एक ट्रक को पकड़कर मैथन पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या UP 54 T 7504 में करीब 50-60 छोटे बछड़े ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे। ये बछड़े उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तस्करी कर ले जाए जा रहे थे। युवाओं ने जब ट्रक को रोकने की कोशिश की तो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में भागने लगा। आरोप है कि ट्रक चालक और उसके साथियों ने युवाओं से मारपीट भी की।
आख़िरकार युवाओं ने ट्रक का पीछा कर मैथन ओपी के पास टोल प्लाजा पर उसे पकड़ लिया। हालांकि मौके का फायदा उठाकर तीन लोग फरार हो गए, जबकि तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं का कहना है कि ट्रक चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं था और गाड़ी का नंबर प्लेट भी फर्जी था। उन्होंने प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब गौवंश तस्करी का मामला पकड़ा गया है, लेकिन पुलिस और स्थानीय प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

