चक्रधरपुर। पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर रेल मंडल के सागरा सोनाखान रेलवे स्टेशन के बीच डाउन लाईन के किलोमीटर संख्या 453/24 में गुरुवार तड़के 5 बजे भुवनेश्वर धनबाद एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के चपेट में आने से एक हाथी गंभीर रुप से घायल हो गया है। इस घटना के कारण हावड़ा मुंबई रेल मार्ग में ट्रेनों का परिचालन पूर्ण रुप से ठप हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही राजगांगपुर से वन विभाग की टीम और रेलवे की टीम मौके पर पहुंच कर घायल हाथी को क्रेन की मदद से ट्रैक से हटाने का काम शुरु कर दिया गया है। बताया जाता कि एक मादा हाथी करीब 15 वर्ष पिछले कुछ दिनों से हाथियों के झुंड से बिछड़ गया था और वह उस ईलाके में अकेले ही घूम रहा था, गुरुवार तड़के सुबह वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, इसी दौरान भुवनेश्वर धनबाद एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। हाथी के पीछे पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोंटे आयी है, जिससे वह ट्रैक से उठ नहीं पा रहा है। हादसे के बाद भुवनेश्वर धनबाद एक्सप्रेस को सोनाखान के पहले रोक दिया गया है। वहीं इस घटना के कारण कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों में रोक दिया गया है। घटने के बाद ट्रेन नंबर 22358 राजगांगपुर में 5.24 बजे सहित अन्य कई ट्रेनें प्रभावित हुई है। मौके पर राहत बचाव का कार्य जारी है।

