Breaking
Sat. May 9th, 2026

मानसिक रूप से बीमार युवती अर्धनग्न हालत में सड़क पर मिली, सामूहिक दुष्कर्म की आशंका

जमशेदपुर। शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह चौक के पास उस समय सनसनी फैल गई जब पुराना होम्योपैथी सेंटर के समीप एक युवती को अर्धनग्न और बदहवास हालत में पाया गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म कर उसे सड़क पर ही फेंक दिया और फरार हो गए।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवती मानसिक रूप से बीमार है और आसपास के इलाके में अक्सर घूमती रहती थी। पुलिस ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है, इसलिए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर एंगल से जांच की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसके साथ क्या हुआ। पुलिस के अनुसार बलात्कार की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल युवती अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है, जिससे उसकी पहचान और घटना की परिस्थितियां जानने में कठिनाई आ रही है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और यदि किसी ने भी उसके साथ अमानवीय कृत्य किया है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Related Post