Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

खाना बनाने से इनकार करने पर शराबी पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, दो मासूमों के सिर से उठा मां-बाप का साया

चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत पति ने खाना न बनाने पर अपनी पत्नी को डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। यह घटना लोको कॉलोनी इलाके की है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात शंकर सोय शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा और पत्नी सुकुरमुनी सोय से खाना बनाने की जिद करने लगा। नशे में धुत शंकर की हालत देखकर पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई।

गुस्से से बेकाबू शंकर ने घर में रखा डंडा उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए। डंडे की मार इतनी जबरदस्त थी कि पत्नी मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। दुर्भाग्यवश, रातभर किसी ने उसकी सुध नहीं ली और रविवार सुबह तक उसकी मौत हो गई।

रविवार सुबह जब पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और आरोपी पति शंकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शंकर ने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि उसने गुस्से और शराब के नशे में ऐसा कर दिया।

घटना के बाद मृतका के दो मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। अब उनके सिर से मां-बाप दोनों का साया उठ गया है। बताया गया कि शंकर और सुकुरमुनी कुली मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे, लेकिन शराब की लत ने सब कुछ तबाह कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बच्चों से भी पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post