धनबाद: जिले के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने पदभार संभालते ही अपराध पर नकेल कसने के अपने संकल्प को अमलीजामा पहनाया। पदभार ग्रहण करने के महज चार घंटे के भीतर महुदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के गिरोह का पर्दाफाश किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने महुदा क्षेत्र में छापेमारी कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस दौरान भारी मात्रा में देशी कट्टे, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए। मौके से गिरोह से जुड़े कई आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि धनबाद में अवैध हथियार निर्माण का यह कारोबार पिछले कई दिनों से चल रहा था। ऐसे में यह कार्रवाई पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “धनबाद को अपराधमुक्त बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को जनता और प्रशासनिक हलकों में काफी सराहा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस तरह की कार्रवाइयों से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और कानून का राज स्थापित होगा।

