जमशेदपुर।आजादनगर इलाके में हुई चोरी की घटना का उद्भेदन बुधवार को पुलिस ने कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राज अंसारी, मोहम्मद महफूज और उमर शाहरुख शामिल हैं, जो सभी कपाली क्षेत्र के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी गए सामानों में चांदी की पायल, अंगूठियां, सोने की नोज पिन, घड़ियां और नकद 3,650 रुपये बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक, पटमदा, बच्चनदेव कुजूर के नेतृत्व में गठित एक विशेष छापामारी दल द्वारा की गई।
यह चोरी 19 मई की रात को आजादनगर के जाकिरनगर स्थित ग्रीन वैली निवासी फरहत जहां के घर में हुई थी, जिसकी शिकायत पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के क्रम में 27 मई को सूचना मिली कि बाग-ए-अमन इलाके में कैटरिंग का काम करने वाले कुछ युवक चोरी में शामिल हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में राहत की भावना देखी गई है।

