Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की ईवीएम पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पैनी नजर

जमशेदपुर। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के स्ट्रांग रूम में केंद्रीय बल की कड़ी निगरानी में रखा गया है। यहां भाजपा कार्यकर्ता दिन-रात ईवीएम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात हैं। पार्टी की ओर से मंडलवार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जो शिफ्टों में स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इस निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया है।

 

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की है। इन कैमरों की स्क्रीन लॉ कॉलेज भवन में स्थापित की गई हैं, जहां भाजपा कार्यकर्ता ईवीएम की सुरक्षा पर नजर बनाए हुए हैं। स्ट्रांग रूम में प्रवेश की अनुमति किसी को नहीं दी गई है। वहीं, को-ऑपरेटिव कॉलेज के मैदान में बने टेंट में कार्यकर्ता ठंड के बावजूद पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं।

 

मंडलों के कार्यकर्ता निभा रहे जिम्मेदारी

स्ट्रांग रूम की निगरानी का कार्य मंडलवार विभाजित किया गया है। रविवार को बिरसानगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने सुबह से शाम तक और बारीडीह मंडल के कार्यकर्ताओं ने शाम से सुबह तक स्ट्रांग रूम की निगरानी की। बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बबलू गोप और बारीडीह मंडल अध्यक्ष जीवन लाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।

 

भाजपा प्रत्याशी ने लिया जायजा

शनिवार को भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा साहू ने चुनाव अभिकर्ता अमरजीत सिंह राजा के साथ स्ट्रांग रूम का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य की चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की।

 

भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह

भाजपा कार्यकर्ता न केवल जमशेदपुर पूर्वी बल्कि महानगर की चारों सीटों पर पार्टी की बड़ी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। वे ईवीएम की निगरानी के साथ-साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं।

 

मंडलवार निगरानी का शेड्यूल

 

18 नवंबर: साकची पूर्वी एवं गोलमुरी मंडल

 

19 नवंबर: बर्मामाइंस, सीतारामडेरा एवं साकची पूर्वी

 

20 नवंबर: टेल्को, बारीडीह मंडल एवं युवा मोर्चा

 

21 नवंबर: बर्मामाइंस, गोलमुरी मंडल एवं ओबीसी मोर्चा

 

22 नवंबर: भाजयुमो, महिला मोर्चा एवं बिरसानगर

Related Post