Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

भाजपा की वरिष्ठ नेत्री लालमुनी पुरती ने पार्टी से दिया इस्तीफा, कार्यकर्ताओं में नाराजगी..

चाईबासा:- पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष और भाजपा की जिला उपाध्यक्ष लालमुनी पुरती ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ती नाराजगी का हवाला देते हुए यह कदम उठाया।

लालमुनी पुरती ने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को लिखे अपने इस्तीफे में बताया कि पार्टी अब पहले जैसी नहीं रही और कार्यकर्ताओं की भावनाओं की अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 10-15 वर्षों से भाजपा के लिए तन, मन, धन से संगठन को मजबूत करने में जुटे कार्यकर्ताओं को अब प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा गलत और कमजोर प्रत्याशियों के चयन के कारण निराशा का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं और पूर्व प्रखंड पदाधिकारियों में भी व्यापक असंतोष है। पार्टी की नीति और निर्णयों के प्रति यह नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके चलते उन्होंने भाजपा से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

लालमुनी पुरती के इस्तीफे से पश्चिमी सिंहभूम भाजपा में हलचल मच गई है। उनके समर्थकों के बीच भी निराशा है, जो उनके नेतृत्व से प्रेरित होकर लंबे समय से पार्टी के साथ काम कर रहे थे।

यह देखना बाकी है कि भाजपा नेतृत्व इस इस्तीफे को कैसे संभालता है और आने वाले समय में पार्टी के भीतर क्या प्रभाव देखने को मिलते हैं।

Related Post