Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

कोल्हान में भाजपा को बड़ा झटका, कई प्रमुख नेता झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल !  

जमशेदपुर:- कोल्हान क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कद्दावर नेताओं ने पार्टी को एक बड़ा झटका देते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) का दामन थाम लिया है। भाजपा के पूर्व मंत्री लुईस मरांडी, पूर्व विधायक घाटशिला लक्ष्मण टुडू, पूर्व विधायक बहरागोड़ा कुणाल शाड़ंगी, सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महली, पूर्वी सिंहभूम की भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बारी मुर्मू और भाजपा नेता बास्को बेसरा ने सोमवार की रात रांची स्थित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर मुलाकात कर जेएमएम की सदस्यता ली।

झामुमो के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने सभी नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें पार्टी का अंगवस्त्र पहनाया। इस अवसर पर लुईस मरांडी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने एकतरफा निर्णय लेते हुए उन्हें दुमका की बजाय बरहेट विधानसभा सीट से टिकट दिया, जिससे वह काफी नाराज थे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में महिलाओं के सम्मान की कोई बात नहीं है।

भाजपा से मोह भंग होने के बाद जेएमएम में शामिल होने वाले कुणाल शाड़ंगी ने इसे अपनी “घर वापसी” बताया। उन्होंने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि वे पार्टी को जो भी जिम्मेदारी देंगे, उसे बखूबी निभाएंगे।

 

गणेश महली का आरोप

गणेश महली ने जेएमएम में शामिल होने के बाद भाजपा पर सीधा हमला करते हुए कहा कि चंपाई सोरेन के पार्टी में शामिल होने से भाजपा पूरी तरह से हाईजैक हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में भाजपा में रहते हुए सरायकेला-खरसावां में काम करना उनके लिए स्वाभाविक नहीं था।

इस घटनाक्रम ने झारखंड की राजनीतिक स्थिति को एक नया मोड़ दिया है और यह देखना दिलचस्प होगा कि ये परिवर्तन आगामी चुनावों पर क्या प्रभाव डालेंगे। भाजपा के लिए यह एक चुनौतीपूर्ण समय है, जबकि जेएमएम अपने नए सदस्यों के साथ अपनी स्थिति को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है।

Related Post