Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

महिला संग मारपीट मामले में आजसू नेता मुन्ना सिंह पार्टी से निष्कासित !

जमशेदपुर-: कदमा थाना अंतर्गत भाटिया बस्ती में आदिवासी महिला सुबा सरदार और उनकी बेटी के साथ मारपीट के आरोपों में घिरे आजसू पार्टी के नेता मुन्ना सिंह उर्फ़ ब्रजेश सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो के निर्देश पर केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया कि मुन्ना सिंह को सभी पदों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है और उनकी प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी गई है।

इस मामले में पार्टी ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मीडिया में चल रही खबरों का संज्ञान लेते हुए यह कड़ा कदम उठाया। आरोप है कि मुन्ना सिंह ने आदिवासी महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट की थी, जिसका वीडियो वायरल हो गया था। यह कदम पार्टी की छवि को साफ रखने और चुनावी माहौल में किसी भी प्रकार के विवाद से बचने के लिए उठाया गया है।

मुन्ना सिंह आजसू पार्टी के टिकट पर बीते विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर पश्चिम से चुनाव लड़ चुके हैं। आदिवासी महिला के साथ मारपीट और उत्पीड़न के कथित आरोपों में घिरने के बाद, पार्टी ने उनसे दूरी बनाते हुए उन्हें पूरी तरह से संगठन से बाहर कर दिया है। पुलिस भी इस मामले में आगे की कार्रवाई करने की तैयारी में है।

Related Post