Breaking
Sat. Mar 21st, 2026

नेतरहाट आवासीय विद्यालय में जुड़ा एक और आयाम “जल कृषि”।

नेतरहाट आवासीय विद्यालय में जुड़ा एक और आयाम “जल कृषि”।
महुआडांड़ संवाददाता शहजाद आलम की रिपोर्ट

महुआडांड़(लातेहार):झारखंड प्रदेश का ख्याति प्राप्त आवासीय विद्यालय नेतरहाट विद्यालय ने अपने बहुआयामी क्रियाकलाप में आज एक और आयाम, कृषि की आधुनिक तकनीक “जल कृषि – हाइड्रोपोनिक्स” को अपने में जोड़ा। इंटर विज्ञान द्वितीय वर्ष की दिवा छात्रा सुश्री नैका नंदिनी ने पर्वांत के आज के विशेष सम्मेलन में “जल कृषि – कृषि का भविष्य” विषय पर मॉडल सहित एक सेमिनार प्रस्तुत किया। कृषि के इस विधि को मिट्टी रहित खेती भी कहते हैं। इस पद्धति में मिट्टी की आवश्यकता नहीं होती। पौधों को जरूरी पोषण पानी के माध्यम से दिया जाता । यह तकनीकी विशेष रूप से पत्तेदार पौधों यथा पालक, धनिया, लाल साग, लेट्यूस आदि के लिए बहुत ही सफल पाया गया है।
सुश्री नैका नंदिनी ने यह भी बताया कि अंतरिक्ष में भी इस तकनीक से पौधों को उगाया गया जो मिट्टी में उगाए गए पौधों की तुलना में ज्यादा अच्छा पाया गया। नेतरहाट विद्यालय के कृषि विभाग द्वारा पारंपरिक कृषि के साथ-साथ बच्चों को मशरूम उत्पादन का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। धातु एवं काष्ठ कला की शिक्षा छात्रों को स्थापना काल से ही दी जाती रही है। वर्तमान में कृषि विज्ञान प्रशिक्षिका श्रीमती ममता कुमारी के निर्देशन में कृषि विज्ञान की छात्रा सुश्री नैका नंदिनी ने इस पद्धति को अपनाते हुए खीरा, मिर्च, पालक साग, लाल साग के पौधों को लगाया। बहुत ही कम समय में जल में पोषण प्रवाहित करते हुए पौधों की अच्छी बढ़त देखी गई। ज्ञातव्य हो कि छात्रा ने इस पद्धति को स्वयं अपनी शिक्षिका एवं प्राचार्य डॉ संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पुस्तकों एवं इंटरनेट के माध्यम से सीख कर आगे बढ़ाया।
आज के इस सफल मॉडल प्रदर्शन एवं सेमिनार में प्राचार्य डॉ संतोष कुमार सिंह, पूर्व प्राचार्य श्री विंध्याचल पांडे, सम्मेलन प्रभारी श्री अंशुमन चटर्जी, कृषि प्रभारी श्री प्रसाद पासवान, खेल प्रभारी श्री विधु शेखर देव, व्यायाम प्रभारी श्री रवि प्रकाश सिंह सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं छात्रों सहित उपस्थित थे।
निश्चित रूप से ऐसे नए प्रयोगों को करने में प्राचार्य डॉक्टर संतोष कुमार सिंह छात्र-छात्राओं को काफी प्रेरित करते रहते हैं, जिसका यह सफल सुखद परिणाम आज देखने को मिला।
उपस्थित सभी लोगों ने सुश्री नैका नंदिनी एवं कृषि प्रभारी श्रीमती ममता कुमारी की प्रशंसा करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।
आज के विशेष सम्मेलन में खेलकूद एवं व्यायाम योग के सफल टीमों एवं प्रतिभागियों को चषक, प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
आंतरिक परीक्षा प्रभारी डॉ नरेंद्र मंडल द्वारा परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए। इस कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन रसायनशास्त्र विभाग अध्यक्ष सह सह सम्मेलन प्रभारी श्री रवि प्रकाश जी द्वारा किया गया।
प्राचार्य डॉ संतोष कुमार सिंह के आशीर्वचन उपरांत राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Related Post