पलामू पुलिस ने छतरपुर थाना क्षेत्र में माओवादी संगठन के लिए काम करने वाली एक महिला को लेवी के रुपयों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सक्रिय माओवादियों तक लेवी की राशि पहुंचाई जा रही है।
गुरुवार की शाम छतरपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि छतरपुर के लवादाग ग्राम निवासी नारायण यादव पिता बंधु यादव , बसंती देवी पति नारायण यादव एवं अन्य के द्वारा व्यवसायियो एवं ठेकेदारों से लेवी वसुला गया है एवम लेवी का पैसा लठेया स्थित सी०एस०पी० के माध्यम से निकाल कर निजी उपयोग तथा माओवादी संगठन के अन्य सदस्यो तक पहुंचाया जा रहा है।
सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के दौरान सी0एस0पी0 संचालक के मोबाईल, खाता नम्बर एवं अन्य संधारित पंजियो से सूचना को सही पाते हुए पुअनि अशोक महतो के द्वारा अन्य पुलिस बल को साथ ले छापेमारी शुरू की गई ।
इस दौरान बसंती देवी पति नारायण यादव को उसके घर से लेवी के 10,000 रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोबाईल के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में माओवादी संगठन के सदस्य नारायण यादव पिता बंधु यादव, बसंती देवी पति नारायण यादव एवं अन्य सभी ग्राम लावडाग थाना छत्तरपुर जिला पलामू के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है ।
गिरफ्तार बसंती देवी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज शेष माओवादी संगठन के सदस्य नारायण यादव एवं अन्य के विरुद्ध पुलिस छापामारी की जा रही है।

