महुआडांड़ के विभिन्न क्षेत्रों से काम दिलाने के बहाने नाबालिग आदिवासी बच्चियों को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जा रहे दो लोगो को महुआडांड़ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एसडीपीओ राजेश कुजूर ने बताया कि ग्रामीणों ने बुधवार को थाना प्रभारी आशुतोष यादव को सूचना दी थी कि पांच नाबालिग आदिवासी लड़कियों को बाल श्रम कराने के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा है जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ राजेश कुजूर के निर्देशानुसार थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर डाल्टनगंज के बस स्टैंड से कमर मुंडा पिता हरण मुंडा ग्राम नवाटोली थाना बारेसांड एवं खुशबु कुमारी पति राजू राम पल्हेया थाना मनिका को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया,साथ ही इनके साथ गई पांच नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया गया।पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया एवं चंदन ट्रैवेल्स बस से दिल्ली जाने की बात कही।वही दोनों के पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन एवं दिल्ली जाने की सात टिकट भी बरामद की।मुक्त कराई गई 2 नाबालिग महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर प्रतापपुर,2 नाबालिग नेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत डांड़ कापू एवं छगराही एवं एक नाबालिग छतीसगढ़ निवासी है।सभी मुक्त कराई गई नाबालिग बच्चियों को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया।वही गठित टीम में थाना प्रभारी आशुतोष यादव,सअनि रंजय कुमार,महिला आरक्षी गायत्री टोप्पो,सहायक महिला पुलिस नीलकमल एक्का आदि शामिल थे।

