Breaking
Wed. Jun 24th, 2026

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे दो युवक चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार

जमशेदपुर: परसुडीह थाना पुलिस ने संध्या गश्ती अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सतर्कता से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि उनके कब्जे से बरामद बाइक के दस्तावेज और नंबर प्लेट भी संदिग्ध पाए गए।

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम परसुडीह थाना क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर दो युवकों पर पड़ी, जो संदिग्ध तरीके से मोटरसाइकिल पर घूम रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों भागने का प्रयास करने लगे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया और वाहन की जांच की।

जांच के दौरान बरामद हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच05 डीक्यू 7610) पर लगी नंबर प्लेट और उससे संबंधित कागजात फर्जी पाए गए। सत्यापन में सामने आया कि बाइक चोरी की है और उस पर पहचान छिपाने के उद्देश्य से नकली नंबर प्लेट लगाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर सुभाषनगर निवासी मंगल गोप तथा गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सुंदरहातु कोचा बस्ती निवासी गुरुचरण सरदार उर्फ छोटू सरदार के रूप में हुई है।

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस की नजर से बचने की कोशिश कर रहे थे। इस संबंध में परसुडीह थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की इस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया था।

Related Post