जमशेदपुर। कदमा सेवाव्रती नील संघ क्लब की इकाई ‘फिट एन जॉय’ के तत्वावधान में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कदमा स्थित सेवाव्रती नील संघ क्लब परिसर (फार्म एरिया) में प्रातः 7 बजे से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेट खिलाड़ी एवं बीसीसीआई प्रमाणित क्रिकेट कोच वी. वेंकटरम उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में छाती एवं टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. ए. के. पुष्टि, शताधिक रक्तदाता एम. वी. प्रसाद, बिहार अंडर-22 क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान गोबिंद पद मुखर्जी, ‘फिट एन जॉय’ के मेंटर सुबीर कुमार कुंडू, क्लब के अध्यक्ष अमित कुमार माईती तथा सचिव निशित गिरी मौजूद थे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वास्थ्य, समरसता और खुशहाली का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। इस दौरान सामूहिक योगाभ्यास के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी चर्चा की गई। ‘फिट एन जॉय’ के मेंटर सुबीर कुमार कुंडू ने शहरवासियों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।

