Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

आदित्यपुर नगर निगम परिसर में आईडीबीआई बैंक ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

आदित्यपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आईडीबीआई बैंक की आदित्यपुर शाखा की ओर से आदित्यपुर नगर निगम परिसर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम एवं बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, महापौर संजीव सरदार, आईडीबीआई बैंक जमशेदपुर के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रमुख राकेश कुमार, आदित्यपुर शाखा के शाखा प्रमुख विवेकानंद कुमार तथा आईडीबीआई बैंक जमशेदपुर के टीएसएम अमित कुमार पॉल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

योग सत्र के दौरान विशेषज्ञों द्वारा योग के महत्व और उसके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और बेहतर जीवनशैली की कुंजी है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ, सुखी और तनावमुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” की थीम को साकार करने का प्रयास किया गया। उपस्थित लोगों ने इसे समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Related Post