जमशेदपुर। जुगसलाई थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल (कट्टा) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी हाल ही में जेल से बाहर आया था और उस पर अपने खिलाफ चल रहे मामलों के गवाहों को धमकाने का भी आरोप है।
जानकारी के अनुसार नाबालिग पहले से दो आपराधिक मामलों में अभियुक्त है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी उसे आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल भेजा गया था। पुलिस को उसकी गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां के नेतृत्व में विशेष कार्रवाई की गई।
गुरुवार को थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी ने बताया कि बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट के समीप एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर आरोपी पर पड़ी। पुलिस को देखकर वह मौके से भागने लगा और चकमा देने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद नाबालिग को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

