Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

मंगल बाजार में मिली महिला की लाश की पहचान, गर्मी और लू से मौत की आशंका

चाईबासा: शहर के मंगल बाजार क्षेत्र में बुधवार शाम बरामद हुई एक अज्ञात महिला की लाश की पहचान पुलिस ने कर ली है। मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुटूसाई गांव निवासी लगभग 40 वर्षीय कांता मुंडा के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव की पुष्टि की।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगल बाजार के भीतर एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो महिला की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की।

उधर, कांता मुंडा के घर नहीं लौटने से परिजन चिंतित थे और उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि मंगल बाजार से एक महिला का शव बरामद कर अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान कांता मुंडा के रूप में की।

परिजनों के अनुसार कांता मुंडा बाजार गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिवार का मानना है कि भीषण गर्मी और लू के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई होगी, जिससे वह सड़क पर गिर गईं और उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

सदर थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के भसुर सोहन मुंडा ने बताया कि कांता मुंडा उनके छोटे भाई की पत्नी थीं और संभवतः लू लगने या अत्यधिक गर्मी के कारण उनकी जान चली गई।

घटना के बाद गुटूसाई स्थित उनके घर में मातम पसरा हुआ है। परिजन गहरे सदमे में हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है।

Related Post