Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के आरोपी ट्रेन से भागते हुए गिरफ्तार, संयुक्त अभियान में झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता

कोडरमा/रांची: रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांतीय कार्यालय परिसर में पेट्रोल बम फेंककर हमला करने के मामले में झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी राजधानी रांची से नई दिल्ली जाने वाली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जरिए राज्य से बाहर भागने की कोशिश कर रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद से ही रांची पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों युवक ट्रेन के माध्यम से दिल्ली की ओर जा रहे हैं। इसके बाद रांची, बोकारो और कोडरमा पुलिस ने समन्वित रणनीति बनाकर विशेष अभियान शुरू किया।

पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्टेशनों से झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में सवार होकर संदिग्धों की तलाश शुरू की। ट्रेन में लगातार निगरानी रखी गई और यात्रियों के बीच आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। कई घंटों तक चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने गयाजी जंक्शन पार करने के बाद बिहार के रफीगंज स्टेशन के समीप जनरल कोच में यात्रा कर रहे दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

बताया जाता है कि पूरी कार्रवाई की निगरानी रांची के सिटी एसपी स्तर से की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को ट्रेन से उतारकर कड़ी सुरक्षा के बीच रांची लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले के पीछे उनकी मंशा क्या थी, क्या इस घटना में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है तथा आरोपियों का किसी संगठित नेटवर्क से संबंध तो नहीं है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

गिरफ्तारी अभियान में तिलैया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह के साथ रांची, बोकारो और कोडरमा पुलिस के कई अधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आरएसएस कार्यालय पर हुए इस हमले के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

Related Post