NH-19 पर डंपर से पीछे से टकराई बस, टक्कर इतनी भीषण कि बस के उड़े परखच्चे; घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी*
*औरंगाबाद/रांची :* वाराणसी से मंगलवार रात रांची के लिए निकली रेखा बस बिहार के औरंगाबाद जिले में सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना NH-19 पर मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के समीप मंगलवार की अहले सुबह हुई, जब बस ने सड़क निर्माण कार्य में लगी डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक फार्मा कर्मी की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल हो गए।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है। वह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और कंपनी के काम से अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ रांची जा रहे थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल विवेक सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रेखा बस सोमवार रात करीब नौ बजे वाराणसी से रांची के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार की सुबह करीब दो बजे मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के पास चालक का नियंत्रण बस से हट गया और बस आगे चल रहे डंपर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर और सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया।
घायलों में वाराणसी निवासी मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा, दुलारी देवी समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं। अधिकांश घायल वाराणसी के शहरी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
मृतक के सहयोगी आशु पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी विवेक सिंह के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए NH-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा।

