Breaking
Wed. Jun 17th, 2026

निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला, सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध

रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के8 बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जबकि पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार देर रात दो युवक आरएसएस कार्यालय के समीप पहुंचे और परिसर की ओर पेट्रोल बम फेंक दिया। घटना का पूरा दृश्य वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में दोनों संदिग्ध एक प्लास्टिक के डिब्बे में पेट्रोल लेकर आते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने बोतल में पेट्रोल भरकर उसे आग लगाई और कार्यालय परिसर की ओर फेंक दिया। बताया जा रहा है कि कुल दो पेट्रोल बम फेंके गए थे, जिनमें से एक में विस्फोट हुआ, जबकि दूसरा विस्फोट नहीं कर सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ते तथा फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा और संघ से जुड़े कई वरिष्ठ नेता निवारणपुर स्थित कार्यालय पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सी पी सिंह तथा केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस फिलहाल इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावरों का उद्देश्य क्या था और क्या घटना के पीछे कोई सुनियोजित साजिश है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना को अंजाम देने वाले दोनों युवक पहले से परिसर की गतिविधियों से परिचित प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

घटना के बाद आरएसएस कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही सूचनाओं के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं।

Related Post