चाईबासा: सड़क सुरक्षा को लेकर मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में सरायकेला मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों के हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ड्रिंक एंड ड्राइव, वाहन के कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई।
जांच के दौरान जिन वाहनों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने स्वयं ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच की और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालक अपने वाहन के आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें।
अभियान के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में एक वाहन चालक पर जुर्माना लगाया गया और वाहन को जब्त किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने पर ₹10,000 तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द भी किया जा सकता है।
वाहन जांच के क्रम में एक बस का परमिट त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर उसे सीजर किया गया। अभियान में जिला परिवहन कार्यालय के मोटरयान निरीक्षक सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।

