Breaking
Tue. Jun 9th, 2026

राष्ट्रपति ने वीर जवानों को किया सम्मानित, 29 को शौर्य चक्र, 15 को वीर चक्र और 7 को कीर्ति चक्र

*नई दिल्ली*: राष्ट्रपति भवन में सोमवार को आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की सुरक्षा और सेवा में असाधारण साहस एवं वीरता का प्रदर्शन करने वाले सैन्य एवं पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर 29 जवानों और अधिकारियों को शौर्य चक्र, 15 को वीर चक्र तथा 7 को कीर्ति चक्र प्रदान किया गया।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सम्मानित होने वालों में भारतीय थल सेना, नौसेना, वायुसेना, असम राइफल्स और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

राष्ट्रपति ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर तीन आतंकियों को मार गिराने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल नितेश भारती शुक्ला को शौर्य चक्र से सम्मानित किया। वहीं जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री एवं 32 असम राइफल्स के मेजर अंशुल बलटू तथा अरुणाचल प्रदेश में सैन्य अभियान के दौरान अदम्य साहस दिखाने वाले मेजर आदित्य प्रताप सिंह को भी शौर्य चक्र प्रदान किया गया।

छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों में उल्लेखनीय बहादुरी दिखाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए 4 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस दफादार बलदेव चंद को मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया गया, जिसे उनकी पत्नी और माता ने ग्रहण किया।

भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए को ‘नाविका सागर परिक्रमा-II’ अभियान के दौरान साहस, धैर्य और उत्कृष्ट समुद्री कौशल के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।

वहीं भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन मनीष अरोड़ा को वीर चक्र से नवाजा गया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान उड़ाते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर हवाई कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

समारोह में 7 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के मेजर आशीष कुमार सहित कई अन्य वीर सैनिकों और अधिकारियों को भी उनके अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के लिए शौर्य चक्र, कीर्ति चक्र एवं वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह समारोह देश के वीर सपूतों के शौर्य, बलिदान और समर्पण को नमन करने का अवसर बना।

Related Post