Breaking
Mon. Jun 8th, 2026

उलीडीह में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, बिक्री की तैयारी में था आरोपी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उलीडीह ओपी क्षेत्र से एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार जब्त नशीले पदार्थ का कुल वजन 3.71 ग्राम है।

सोमवार को उलीडीह ओपी में आयोजित प्रेस वार्ता में ओपी प्रभारी मो. शारिक अली ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सिद्धो-कान्हू आवासीय विद्यालय के पीछे स्थित खाली मैदान में कुछ युवक अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवकों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भाग निकले। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र के तामोलिया निवासी 26 वर्षीय संदीप कुमार पाण्डेय के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा एक पर्स भी जब्त किया गया, जिसमें पहचान पत्र समेत अन्य दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कपाली क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर उलीडीह इलाके में बेचने की तैयारी में था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उलीडीह ओपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस छापेमारी अभियान में डीएसपी दयानंद कुमार के अलावा उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, एसआई रविन्द्र पाण्डेय, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई विजय कुमार, एएसआई अखिलेश प्रसाद तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Related Post