कोडरमा। डोमचांच थाना अंतर्गत बगरीडीह गांव में बीती रात सड़क किनारे बैठे दो किशोरों व एक वृद्ध को डीजे वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में एक अन्य किशोर व वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक किशोर की पहचान राज पंडित (10 वर्ष, पिता राजेश पंडित) के रूप में की गई है। वहीं घायल की पहचान विकास पंडित (10 वर्ष) तथा सोबरन पंडित (75 वर्ष) के रूप में की गई है। मामले की जानकारी देते हुए घायल सोबरन पंडित के पुत्र दिलीप पंडित ने बताया कि बीती रात बगरीडीह गांव निवासी कैलाश दास के पुत्र का घृतढारी समारोह चल रहा था। इस समारोह में एक डीजे वाहन को डोमचांच थाना क्षेत्र के ही चोपनाडीह से बुलाया गया था। समारोह के समापन होने के पश्चात उक्त डीजे वाहन वापस चोपनाडीह जा रही थी। इसी क्रम में बगरीडीह गांव में सुबरन पंडित, राज पंडित व विकास पंडित अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। तभी गुजर रही उक्त डीजे वाहन अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बैठे इन तीनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। डीजे वाहन का अगला चक्का राज पंडित के ऊपर से चढ़कर निकल गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विकास और सोबरन पंडित बुरी तरह जख्मी हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राज पंडित को मृत घोषित कर दिया। वहीं विकास और सोबरन पंडित को प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया। घटना के पश्चात परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। डीजे वाहन को भी जप्त कर लिया गया है।

