चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक युवक को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आया युवक जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला मोहम्मद तौसीफ (लगभग 21 वर्ष) है, जो मोहम्मद सफीक का पुत्र बताया जा रहा है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली इलाके में एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद हो सकता है। सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई। इस मामले में चांडिल के एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने प्रेस वार्ता में बताया कि क्षेत्र में नशा, अड्डाबाजी और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है, जिसमें पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
एसडीपीओ ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस छापेमारी अभियान में सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, एएसआई मनोज कुमार मिश्रा सहित सशस्त्र बल के कई जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।

