Breaking
Tue. Apr 28th, 2026

तेज रफ्तार टोटो पलटा, चालक समेत दो घायल

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित गैस गोदाम रोड पर मंगलवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बैटरी चालित मालवाहक टेंपो (टोटो) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में चालक और उसका एक साथी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आसमानी रंग का टोटो (नंबर JH05DO 1418) काफी तेज गति से गैस गोदाम रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद टेंपो असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना तेज था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोग अंदर ही फंस गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कपाली ओपी पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है, हालांकि उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखा गया है।

Related Post