चाईबासा: ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए मुकाबलों में संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल चाईबासा और सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दोनों टीमों की इस जीत से उनके क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं।
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में सुबह खेले गए पहले मैच में संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 163 रन बनाए। टीम की ओर से प्रशांत कुमार ने 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 72 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अर्नव साव और गगन विक्रांत टोपनो ने 16-16 रन तथा तुलव्या वर्मा ने 12 रन बनाए।
मांगी लाल रुंगटा प्लस टू विद्यालय की ओर से रितेश कच्छप ने 3 विकेट और आशीष प्रधान ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुंगटा स्कूल की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 96 रन ही बना सकी और 68 रनों से मैच हार गई। ओम प्रकाश महतो ने 61 रन बनाए, जबकि आशीष प्रधान ने 20 रन जोड़े। अन्य बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके। संत जेवियर्स की ओर से आर्यन गोप ने 3 विकेट और अविरल ने 2 विकेट लिए। प्रशांत कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच दोपहर में खेला गया, जिसमें सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 187 रन बनाए। नमन साहु ने 72 रन और यश यादव ने 42 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। कप्तान सोहम मैती ने नाबाद 48 रन बनाए।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चक्रधरपुर की ओर से साकेत यादव ने 2 विकेट लिए।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केंद्रीय विद्यालय की टीम 19.1 ओवर में 148 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और 39 रन से मैच हार गई। आमीर परवेज ने 90 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अखिल प्रधान ने 18 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सके और चार खिलाड़ी खाता भी नहीं खोल पाए।
डीएवी की ओर से दिव्यांश यादव ने 4 विकेट और प्रेम कुदादा ने 3 विकेट लिए। सोहम मैती को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।

